इंजीनियर हत्याकांड का आरोपी थाना प्रभारी पुलिस हिरासत में
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि जिला न्यायालय ने आज होशियार सिंह को 2 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत के दौरान हम सिंह के खिलाफ और ज्यादा सबूत इकट्ठा कर सकेंगे। कुमार ने कहा कि वैसे हमारे पास इस बात के पर्याप्त सबूत हैं, जो इशारा करते हैं कि होशियार सिंह इंजीनियर हत्याकांड में शामिल था।
राजेंद्र कुमार ने बताया कि इंजीनियर हत्याकांड के सभी 11 आरोपियों में से होशियार सिंह अब तक फरार था। सिंह को शनिवार सुबह आवास विकास नगर इलाके में गिरफ्तार किया गया। उसे नौकरी से पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है। हत्याकांड के समय सिंह जिले के दिबियापुर थाने में निरीक्षक के पद पर तैनात था। उसे बसपा विधायक तिवारी का करीबी माना जाता है। कहा जाता है कि दिबियापुर में उनकी तैनाती विधायक ने ही करवाई थी।
पुलिस के मुताबिक गुप्ता को पीटकर अधमरा करने के बाद विधायक ने उन्हें दिबियापुर थाने छोड़ दिया था, जहां पर निरीक्षक सिंह ने उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय दो घंटे तक थाने में ही रखा था। बाद में जब उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर गुप्ता की 23 दिसंबर 2008 को बसपा विधायक तिवारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी अतिथि गृह में कथित तौर पर पीटकर मार डाला था। कहा जाता है कि गुप्ता ने मायावती के जन्मदिन पर कथित चंदा उगाही की रकम देने से इंकार किया था।
गत 12 मई को इलाहाबाद उच्च न्यायलय ने इस हत्याकांड का मुकदमा औरैया जिला न्यायालय से लखनऊ जिला न्यायालय स्थानांतरित करने का आदेश देते हुए कहा था कि मामले की सुनवाई छह महीने के अंदर पूरी की जाए।
इंडो-एशयिन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications