मध्यप्रदेश में मिड-डे मील से पहले बच्चे पढें़गे भोजन मंत्र
प्रदेश की शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होने कहा कि उनका विभाग प्रदेश के सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन से पहले भोजन मंत्र की शुरूआत करने जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने भोजन मंत्र भी पत्रकारों को सुनाया जो इस तरह है -
अन्न ग्रहण करने से पहले
विचार मन में करना है ,
किस हेतु से इस शरीर का
रक्षण पोषण करना है
हे परमेश्वर एक प्रार्थना
नित्य तुम्हारे चरणो में
लग जाए तन मन धन मेरा
मातृभूमि की सेवा में ॥
उन्होंने इस मंत्र की खूबियां गिनाते हुए कहा कि यह मंत्र हिन्दी में है, समझने में आसान है और इसमें ईश्वर के प्रति धन्यवाद का भाव है जिसने हमें अन्न दिया है। साथ ही कामना की गई है कि अन्न खाकर और ज्ञान अर्जित कर हम इस योग्य बनें कि देश के काम आ सकें। यही भाव इस मंत्र में है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह भोजन मंत्र मध्यप्रदेश के स्कूलों में सितम्बर से शुरू हो जाएगा इसके लिए शिक्षकों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। विभाग ने इसकी रूपरेखा भी बना ली है।
प्रदेश की भाजपा सरकार का स्कूलों में नई परम्पराएं शुरू करने का यह दूसरा बड़ा फैसला है, इससे पहले स्कूलों में सूर्य नमस्कार की शुरूआत हो चुकी है और अब भोजन मंत्र को शुरू करने की तैयारी है। सूर्य नमस्कार के निर्णय पर अल्पसंख्यकों के विरोध का सामना कर चुकी सरकार को एक बार फिर विरोध झेलना पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications