मेरी शारीरिक उर्जा समाप्त हो गई थी : सरकोजी
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक एलिसी पैलेस में अपनी कैबिनेट की बैठक को संबोधित करते हुए सरकोजी ने कहा, "मेरी उर्जा समाप्त हो गई थी।"
रविवार को 54 वर्षीय सरकोजी अपने निवास के निकट व्यायाम करते वक्त मूर्छित हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। रात भर की निगरानी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
सरकोजी ने कहा, "मेरा स्वास्थ्य अच्छा है लेकिन काफी दिनों से मुझे आराम नहीं मिला है।" सरकोजी ने फ्रांस की जनता से यह वादा किया कि आगे से वह जब भी अस्पताल में भर्ती होंगे, तो उसकी पूरी जानकारी जनता को जरूर देंगे।
दूसरी ओर, मीडिया की खबरों में कहा जा रहा है कि सरकोजी के मूर्छित होने की घटना को बेहद हल्के अंदाज में पेश किया गया है जबकि असल मामला कुछ और है।
इससे पहले कहा जा रहा था कि सरकोजी 'वोसोवागाल साइनकोप' नाम की बीमारी से ग्रस्त हैं, जिसके कारण लोग मूर्छित हो जाते हैं।
सरकोजी की यूएमपी पार्टी के प्रवक्ता ने कहा था कि राष्ट्रपति को दिल का दौरा पड़ा है लेकिन डॉक्टरों ने अंतत: इसे थकान के कारण हुई घटना करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications