पाक ने आतंकवादियों पर कार्रवाई संबंधी दस्तावेज भारत को दिए: प्रधानमंत्री (लीड-1)
मिस्र में जारी भारत-पाकिस्तान संयुक्त बयान पर लोकसभा में बुधवार को बहस के बाद जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "ऐसा पहली बार हुआ है कि पाकिस्तान ने स्वीकार किया कि उसके देश में स्थित आतंकवादी संगठन में शामिल उसके नागरिकों ने भारत में जघन्य हमले को अंजाम दिया।"
उन्होंने कहा कि उनके फ्रांस और मिस्र दौरे पर जाने से पहले सौंपे गए दस्तावेज में पाकिस्तान ने इस बात को स्वीकार किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "यह पहली बार है जब किसी हमले की जांच के बाद पाकिस्तान ने औपचारिक तौर पर हमें जानकारी दी।"
उन्होंने कहा कि दस्तावेज में पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी द्वारा की गई जांच की रूपरेखा और उसके विवरण के साथ ही प्रथम सूचना रिपोर्ट की प्रतिलिपि और गिरफ्तार लोगों की तस्वीरें भी शामिल हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा, "पाकिस्तान के दस्तावेज में इसका उल्लेख किया गया है कि जांच में यह साबित हुआ है कि आतंकी हमले की साजिश लश्कर-ए-तैयबा ने ही रची थी।"
प्रधानमंत्री ने मिस्र के शर्म अल-शेख में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी के साथ भेंट के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि विदेश नीति के मामले में आम सहमति की परंपरा को उनकी सरकार ने खंडित नहीं किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications