मुहम्मद साहब का काल्पनिक चित्र छापने वाली किताब के लेखक व प्रकाशक गिरफ्तार
चित्र प्रकाशित करने वाली पुस्तक 'उदीयमान भारतीय समाज में शिक्षक' के लेखक सेवानिवृत्त प्रोफेसर कर्ण सिंह हैं और इसका प्रकाशन गोविंद प्रकाशन की ओर से किया गया, जिसके प्रकाशक आर.पी.सिंह हैं।
लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक पीयूष मोर्डिया ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि लेखक कर्ण सिंह और प्रकाशक आर.पी.सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि इन्हें जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा। न्यायालय के आदेशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद से संबद्ध कालेजों में बी.एड. के परीक्षार्थियों को पढ़ाई जा रही इस पुस्तक में हजरत मुहम्मद साहब का काल्पनिक चित्र प्रकाशित होने के कारण मुस्लिम धर्मगुरुओं और मौलानाओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए लेखक और प्रकाशक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मुस्लिम धर्गगुरुओं और मौलानाओं की नाराजगी और विरोध को देखते हुए सोमवार को राज्य अल्पसंख्यक आयोग की तरफ से प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications