जेके सेक्स स्कैंडल: विधानसभा में हंगामा

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में मुख्यमंत्री को क्लीन चिट दे दी है। कानून मंत्री अली मुहम्मद सागर ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि पीडीपी सदस्य ने मुख्यमंत्री के खिलाफ गलत आरोप लगाया और नेकां उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाएगी।
सदन में क्लीच चिट की प्रतियां फाड़ीं
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष मुहम्मद अकबर लोन ने सीबीआई द्वारा विधानसभा सचिवालय को भेजे एक पत्र को सदन में पढ़ा। पत्र में उमर अब्दुल्ला को क्लीन चिट दी गई है।
पीडीपी सदस्यों ने इसका विरोध किया और सीबीआई की क्लीन चिट की प्रतियां फाड़ डालीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बशीर अहमद किरमानी द्वारा इस मामले में दिए गए निर्णय का हिस्सा रही 'शर्मनाक सूची' में उमर का नाम शामिल था।
सदन में नहीं आए उमर अब्दुल्ला
उधर, विधानसभा की कार्यवाही आरंभ होते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने कहा कि विधानसभा का सत्र जारी नहीं रखा जा सकता क्योंकि मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद राज्य में कोई सरकार नहीं है। जहां आज गठबंधन सरकार के सभी मंत्री सदन में मौजूद थे वहीं उमर अब्दुल्ला सदन में नहीं आए।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को पीडीपी नेता बेग ने एक सूची पेश की और कहा कि यह सेक्स स्कैंडल की सीबीआई जांच के बाद आरोपियों की सूची है। उनके अनुसार सूची में 102वें नंबर पर उमर अब्दुल्ला का नाम है।
कश्मीर में सेक्स स्कैंडल वर्ष 2006 में सामने आया था। इसमें राज्य के वरिष्ठ नेताओं,अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के बाद जनता के आक्रोश को देखते हुए राज्य उच्च न्यायालय ने मामले में हस्तक्षेप किया और सीबीआई को मामले की जांच का आदेश दिया। सीबीआई ने जीएम मीर,रमन मट्टू और इकबाल खांडी को गिरफ्तार किया था। मीर और मट्टू कांग्रेस-पीडीपी संयुक्त सरकार में मंत्री थे जबकि खांडी तत्कालीन मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद के पूर्व प्रधान सचिव थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications