कोसी के उफान में कमी, गंडक में वृद्धि, सभी तटबंध सुरक्षित
बीरपुर बैराज के अधीक्षण अभियंता एम़ एफ. हमीद ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि बैराज के ऊपर कोसी नदी में बुधवार दोपहर 12 बजे 1,65,330 क्यूसेक पानी बह रहा था जबकि बैराज के नीचे नदी में 1,63,450 क्यूसेक जलस्राव हो रहा है।
सोमवार को बैराज के नीचे नदी में 3,11,810 क्यूसेक जलस्राव हो रहा था जो इस वर्ष का सबसे अधिक जलस्राव था। हमीद के मुताबिक मंगलवार को बैराज से दो लाख 39 हजार क्यूसेक जलस्राव हो रहा था।
वाल्मीकीनगर बैराज में गंडक नदी में भी जलस्राव में वृद्घि दर्ज की गई। पटना में बाढ़ नियंत्रण कक्ष में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता ईश्वरी सिंह ने बताया कि वाल्मीकीनगर बैराज से बुधवार को बारह बजे दिन में 254400 क्यूसेक जल बहाव हो रहा था जबकि मंगलवार को यह दो लाख 12 हजार क्यूसेक था।
इधर, जल संसाधन विभाग के जनसंपर्क अधिकारी शुभचंद्र झा ने बताया कि राज्य के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। बीरपुर के भपतिहई क्षेत्र में बाढ़ संघर्ष बल कार्य कर रहा है जिसका नेतृत्व सेवानिवृत मुख्य अभियंता अब्दुल हयात कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्वी कोसी और पश्चिमी कोसी नहर से कृषकों को सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जा रहा है।
जलसंसाधन विभाग के सूत्रों की मानें तो कुछ तटबंधों पर दबाव जरूर है परंतु स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दबाव वाले क्षेत्रों में अभियंताओं को तैनात कर दिया गया है तथा स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications