ऑस्ट्रेलियाई कॉलेज ने भारतीयों को ठगा

यह फ्रॉड सिडनी के एयरोस्पेस एविएशन कॉलेज ने किया है। ऑस्ट्रेलिया के एबीसी टीवी ने इसका खुलासा किया। टीवी चैनल ने अपने एक कार्यक्रम में यह दिखाया कि कैसे प्रवासी और शिक्षा संबंधी दलाल भारतीय छात्रों को ठग रहे हैं।
बिना संसाधन चल रहे हैं संस्थान
भारतीय छात्रों ने कॉलेज पर आरोप लगाया है कि ऐविएशन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छात्रों को 52 सप्ताह के दौरान 200 घंटों की फ्लाइट ट्रेनिंग दी जानी चाहिए। इसके लिए छात्रों ने 43,500 डॉलर फीस भी भरी। लेकिन संस्थान के पास फ्लाइट ट्रेनिंग कराने के न तो संसाधन हैं और न ही आधारभूत ढांचा। लिहाजा छात्रों को उड़ान का पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं दिया गया। समस्या इस बात की है कि जबतक फ्लाइट ट्रेनिंग पूरी नहीं दी जाएगी, तबतक छात्र नौकरी के बारे में सोच भी नहीं सकता।
संस्थान के एक छात्र सुरेंद्र एगालापत्ती का आरोप है कि उसे 18 महीनों के दौरान सिर्फ 130 घंटों का प्रशिक्षण दिया गया। एक अन्य पूर्व छात्र स्कॉट एलेक्स के मुताबिक कालेज प्रशासन के भारतीय छात्रों के साथ बर्ताव से वो काफी व्यथित था। इसेक अलावा अन्य छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन भारतीय छात्रों के साथ काफी अपमानजनक व्यवहार करता रहा है।
दलालों के ठिकानों पर दबिश
ऑस्ट्रेलिया के टीवी चैनल पर हुए इस खुलासे के तुरंत बाद पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने सोमवार रात को ही भारतीय प्रवासी दलालों के कार्यालयों पर दबिश डाली। आस्ट्रेलिया पुलिस के मुताबिक ये दलाल छात्रों को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने का काम करते हैं। छात्रों ने इस संबंध में सिडनी में स्थित भारतीय उच्चायोग को सूचना दे दी है।


Click it and Unblock the Notifications