मुख्यमंत्री और महापौर ने बारिश के कारण हुई तकलीफों के लिए माफी मांगी (लीड-1)
मुख्यमंत्री और महापौर ने सात घंटे की मूसलाधार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और यातायात जाम होने के लिए एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए।
मुख्यमंत्री दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा, "मैं सोमवार की मूसलाधार बारिश के कारण हुई असुविधा के लिए जनता से माफी मांगती हूं। लेकिन लोगों को इस कारण खुश भी होना चाहिए, क्योंकि मानसून की खराब स्थिति को लेकर हम सभी चिंतित थे।"
दीक्षित ने बारिश के कारण हुई तकलीफ के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा, "उन्हें इस बात का जवाब देना चाहिए कि नागरिक सुविधाओं को मुहैया कराने के लिए जिम्मेदार होने के बाद भी उन्होंने क्या किया है।"
महापौर कंवर सेन ने भी बारिश के कारण सोमवार और मंगलवार को जनता को हुई तकलीफों के लिए माफी मांगी।
सेन ने दावा किया कि एमसीडी मानसून से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन महानगर के विभिन्न हिस्सों में जारी निर्माण कार्यो ने सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया, क्योंकि कई स्थानों पर सड़कें और नाले खोद दिए गए हैं।
सेन ने आईएएनएस से कहा, "मैं व्यक्तिगत तौर पर जल निकासी प्रक्रिया की निगरानी कर रहा हूं।"
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि भारी बारिश के कारण एक आठ साल की बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई और एक 36 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई।
बच्ची का शव दक्षिणी दिल्ली के देवली गांव में उसके घर से मंगलवार को पानी उतर जाने के बाद बरामद किया गया। जबकि नदीम नामक व्यक्ति उत्तरी दिल्ली के मोरीगेट इलाके में उस समय मौत का शिकार हो गया, जब वह एक बिजली के खंभे के संपर्क में आ गया।
सोमवार की मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने के लिए घरों से निकले लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात सिग्नल ठीक से काम नहीं कर रहे थे और घंटों तक बिजली भी गुल रही। सोमवार शाम को यहां 126 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी जिसकी वजह से पूरी दिल्ली और उपनगरों के कई इलाकों में पानी भर गया था।
धौला कु आं, मिंटो रोड, मूलचंद फ्लाईओवर में पानी मंगलवार को भी उतर नहीं पाया था और यहां जाम देखा गया। बदरपुर, दिल्ली को नोएडा और गाजियाबाद से जोड़ने वाले रास्तों पर भी यातायात की गति धीमी रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications