डिजाइनों की दोहरी जांच, परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी : श्रीधरन (लीड-1)
राजधानी में श्रीधरन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा,"दुर्घटना और खंभों में दरारों के कारण दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं को पूरा करने में विलंब नहीं होगा। हम वर्ष 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों से पहले सभी सेक्शनों पर कार्य पूरा करने में सफल होंगे।"
मेट्रो प्रमुख ने कहा कि भविष्य में किसी भी ऐसी दुर्घटना से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने भविष्य में सभी डिजाइनों की दोहरी जांच का फैसला किया है। इसके तहत किसी स्वतंत्र डिजाइन कार्यालय से डिजाइन की जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा, "डीएमआरसी ने किसी भी डिजाइन के आने पर संपूर्ण रूप से अपने डिजाइन कार्यालय पर निर्भर नहीं रहने का निर्णय लिया है। सामान्य सलाहकार या एक स्वतंत्र डिजाइन कार्यालय इसकी जांच करेगा और तब वह डीएमआरसी के डिजाइन कार्यालय को भेजा जाएगा। इससे डिजाइन की दोहरी जांच होगी।"
डीएमआरसी ने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा के उपाय बढ़ाने की कवायद भी आरंभ की है और सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के लिए निर्माण स्थलों पर तीन दिन का संक्षिप्त पाठ्यक्रम आरंभ किया है। अगले 15 दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों को इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।
श्रीधरन ने कहा कि 12 जुलाई को हुई दुर्घटना के कारण निर्माण कंपनी गैमन इंडिया को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
उन्होंने कहा कि डिजाइन सलाहकार 'आर्क कंसल्टेंसी सर्विसिज' को पांच वर्ष के लिए काली सूची में डाल दिया गया है, वहीं डीएमआरसी को सही सलाह नहीं देने के लिए स्ट्रक्च रल कंसल्टेंट 'टंडन कंसल्टेंट' को दो वर्ष के लिए प्रतिबंधित किया जा रहा है।
यह निर्णय डीएमआरसी द्वारा नियुक्त एक जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।
डीएमआरसी के निदेशक विजय आनंद जिनके कार्यक्षेत्र में यह दुर्घटना हुई और इससे पहले भी एक दुर्घटना हुई थी, को वापस रेलवे में भेज दिया गया।
कार्यस्थल की डिजाइन और निरीक्षण के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार दो उप मुख्य इंजीनियरों वी.पी.श्रीवास्तव और मुकेश ठाकुर को निलंबित कर दिया गया है।
डीएमआरसी के मुख्य डिजाइन इंजीनियर राजन कटारिया को बड़े दंड के लिए आरोप पत्र जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई को जमरूदपुर मेट्रो निर्माण स्थल पर हुए हादसे में एक इंजीनियर सहित छह कर्मचारियों की मौत हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications