जम्मू एवं कश्मीर में राजनीतिक संकट, उमर अब्दुल्ला ने इस्तीफा दिया (राउंडअप)
यह मुद्दा एकाएक आज विधानसभा में फिर से उस समय गरमा गया जब पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के वरिष्ठ नेता मुजफ्फर हुसैन बेग ने एक सूची सौंपते हुए कहा कि सीबीआई द्वारा तैयार सूची में उमर का नाम 102वें नंबर है।
बेग ने सेक्स कांड में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की कथित संलिप्तता की जांच कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनके पिता फारुक अब्दुल्ला भी इस कांड में लिप्त हैं।
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में बेग ने कहा, "हम जांच कराना चाहते हैं..सीबीआई को पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय पहुंचने दीजिए और उसकी देखरेख में जांच करने दीजिए या फिर सर्वोच्च न्यायालय का कोई सेवानिवृत्त न्यायाधीश इसकी जांच करे।"
बेग ने माना कि यह सिर्फ आरोप है और उन्होंने कहा कि उन्हें या उनकी पार्टी को इसकी कोई चिंता नहीं है कि उमर इस्तीफा देते हैं या नहीं। यह उन्हें तय करना है कि वे इस्तीफा दें या पद पर बने रहें।
बेग ने कहा कि सीबीआई की ओर से उच्च न्यायालय में दाखिल की गई सूची में पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुला का नाम भी शामिल है। बेग ने कहा, "उमर के पिता का नाम भी इसमें शामिल है।..यह 38 वें नंबर पर है। मैंने सदन में उनका नाम इसलिए नहीं लिया क्योंकि वह उसके सदस्य नहीं हैं।"
इसके तत्काल बाद उमर अपने स्थान से उठे और बोले कि ऐसे हालात में वह राज्य के मुख्यमंत्री पद पर नहीं बने रह सकते। उन्होंने कहा कि जब तक यह दाग नहीं मिटेगा तब तक वह इस पद पर नहीं करेंगे।
भावुक उमर ने कहा, "आज सदन की कार्यवाही समाप्त होते ही मैं राज्यपाल के पास जाकर अपना इस्तीफा सौंप दूंगा। जब तक मेरा नाम आरोपियों की सूची से नहीं हटता तब तक मैं मुख्यमंत्री के रूप में काम नहीं कर सकता।"
उमर के सदन से बाहर जाते ही उनकी पार्टी के सदस्य भी उन्हें जल्दबाजी नहीं करने और अपना इरादा बदलने के लिए समझाने के वास्ते उनके पीछे चले गए।
उमर आगे की कार्रवाई पर विचार करने के लिए वहां से अपने आवास चले गए। उनके पिता एवं नेकां अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री फारुक अब्दुल्ला मंगलवार को श्रीनगर में ही थे और नई दिल्ली लौट रहे थे लेकिन इस संकट की जानकारी मिलते ही वह हवाई अड्डे से लौट आए। सूत्रों ने बताया कि उमर अपने पिता से सलाह करके ही अंतिम फैसला लेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में श्रीनगर में एक नाबालिग लड़की ने राज्य के राजनीतिज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों पर बलात्कार का आरोप लगाया था।
इस पर भड़के जनाक्रोश के बाद जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए जांच का जिम्मा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया था। सीबीआई ने इस मामले में आरोप पत्र दाखिल किया था और इस मुकदमे की सुनवाई पंजाब की एक सत्र अदालत में लंबित है।
उधर, नई दिल्ली में गृह मंत्री चिदम्बरम ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2006 के सेक्स कांड में सीबीआई द्वारा की गई जांच में उमर अब्दुल्ला का नाम कहीं सामने नहीं आया है।
चिदम्बरम ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "सीबीआई ने इस मामले की जांच पूरी कर ली है। इस मामले में जिन 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर हुआ है, उनमें उमर अब्दुल्ला का नाम नहीं है।"
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक इस मामले की स्थिति रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications