दिल्ली मेट्रो की डिजाइनों की दोहरी जांच होगी : श्रीधरन
राजधानी में एक संवाददाता सम्मेलन में श्रीधरन ने कहा भविष्य में किसी भी ऐसी दुर्घटना से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने भविष्य में सभी डिजाइनों की दोहरी जांच का फैसला किया है। इसके तहत किसी स्वतंत्र डिजाइन कार्यालय से डिजाइन की जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा,"डीएमआरसी ने किसी भी डिजाइन के आने पर संपूर्ण रूप से अपने डिजाइन कार्यालय पर निर्भर नहीं रहने का निर्णय लिया है। सामान्य सलाहकार या एक स्वतंत्र डिजाइन कार्यालय इसकी जांच करेगा और तब वह डीएमआरसी के डिजाइन कार्यालय को भेजा जाएगा। इससे डिजाइन की दोहरी जांच होगी।"
डीएमआरसी ने सभी कर्मचारियों की सुरक्षा के उपाय बढ़ाने की कवायद भी आरंभ की है और सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के लिए निर्माण स्थलों पर तीन दिन का संक्षिप्त पाठ्यक्रम आरंभ किया है। अगले 15 दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों को इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।
श्रीधरन ने यह भी कहा कि निर्माण कंपनी गैमन इंडिया को कारण बताओ नोटिस दिया गया है और 12 जुलाई को हुए हादसे के कारण उसे दो वर्ष के लिए काली सूची में भी डाला जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि डीएमआरसी द्वारा नियुक्त जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर डिजाइन सलाहकार 'आर्क कंसल्टेंसी सर्विसिज' को पांच वर्ष के लिए काली सूची में डाल दिया गया है, वहीं डीएमआरसी को सही सलाह नहीं देने के लिए स्ट्रक्च रल कंसल्टेंट 'टंडन कंसल्टेंट' को दो वर्ष के लिए प्रतिबंधित किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications