बी.एल. जोशी ने उप्र के राज्यपाल का पद संभाला
मंगलवार सुबह ही राजधानी लखनऊ पहुंचे जोशी को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति चन्द्रमौलि प्रसाद ने दोपहर को राजभवन के दरबार हाल में हुए एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उत्तर प्रदेश के 25वें राज्यपाल बने बी.एल.जोशी ने टी.वी. राजेश्वर की जगह ली है, जिनका कार्यकाल सात जुलाई को समाप्त हो गया था। राजेश्वर सोमवार को अपना कार्यकाल समाप्त करके यहां से विदा हुए हैं। जोशी इससे पहले उत्तराखंड और मेघालय के राज्यपाल और दिल्ली के उप राज्यपाल रह चुके हैं।
शपथ लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में जोशी ने कहा कि जनता के लिए राजभवन के द्वार बंद करने का मेरा कोई इरादा नहीं है लेकिन कुछ सीमाएं होती हैं, जिनका हमें पालन करना होता है।
अपने पूर्ववर्ती टी.वी.राजेश्वर द्वारा बनाए गए किसी भी नियम को बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझ्झे अपने पूर्ववर्ती के कामकाज पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है।
इस दौरान एक सवाल के जवाब में जोशी ने राज्य सरकार से किसी भी तरह के टकराव की आशंका से इकार किया। उन्होंने कहा कि मुझ्झे कोई ऐसी वजह नहीं दिखती जिससे कि सरकार और राजभवन में टकराव हो।
अपनी प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर जोशी ने कहा कि मुझ्झे पूरा भरोसा है कि सरकार का ध्यान राज्य के विकास पर होगा, विकास मेरी भी प्राथमिकता होगी। इस दौरान जोशी ने संकेत दिया कि शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सुधार पर वह विशेष ध्यान देंगे। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मायावती और प्रतिपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications