राहुल ने प्रधानमंत्री से मिलकर बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण की मांग की
बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "राहुल गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायकों और नेताओं ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। हमने बुंदेलखंड के लिए एक अलग विकास प्राधिकरण के गठन की मांग की।"
सिंह ने बताया कि गांधी ने क्षेत्र के विकास के लिए दिए जाने वाली सारी राशि का इसी प्राधिकरण के माध्यम से उपयोग किए जाने की भी मांग की, जिससे इलाके से गरीबी शीघ्र समाप्त की जा सके। ये कदम इलाके में गरीबी, अशिक्षा और अल्पविकास से खराब होती स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक हैं।
राहुल गांधी ने पिछले वर्ष बुंदेलखंड इलाके का दौरा किया था और वहां की स्थिति को विनाश के कगार पर बताया था। बुंदेलखंड की खराब हालत के लिए मायावती सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा था कि लोगों की भलाई में स्थानीय प्रशासन की विफलता से लोग इलाके से पलायन करने को मजबूर हैं।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री प्रदीप जैन और अन्य कांग्रेसी नेता शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications