गुर्जर आरक्षण को राज्यपाल की हां

गौरतलब है कि गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने गुर्जरों सहित अन्य पिछडी़ जातियों को विशेष आरक्षण देने की मांग पर सरकार को अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। बैंसला ने राजस्थान सरकार को चौबीस घंटे का अल्टीमेटम देते हुए हिण्डौन कस्बे के निकट पेंचला मोड़ पर आयोजित महापंचायत को महापड़ाव में बदलने की घोषणा की है।
राज्यपाल ने कहा है कि उन्हें पांच प्रतिशत आरक्षण पर कोई आपत्ति नहीं। उन्होंने कहा कि इस बारे में भाजपा नेता किरोडी सिंह बैसला को भी बताया जा चुका है। वहीं राज्य सरकार ने भी कर्नल बैंसला से वार्ता की मेज पर आने की अपील की है। अधिकृत सूत्रों के अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक सी.बी.शर्मा के जरिए कर्नल को वार्ता का न्यौता भेजा गया है।
राज्यपाल सोमवार को प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे। समझा जाता है कि मौजूदा हालात पर वे उनसे विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद वे जयपुर लौट जाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां तक 14 प्रतिशत आरक्षण की बात है, वे जयपुर लौटकर इस संबंध में मुख्यमंत्री व अन्य लोगों से विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि वे राजस्थान पर बराबर नजर रखे हुए है तथा राज्य सरकार के सम्पर्क में है। आरक्षण विधेयक पर वे जयपुर पहुंचकर ही चर्चा करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications