उत्तर कोरिया परमाणु मसले पर बातचीत को राजी
सियोल, 27 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु कार्यक्रम से संबद्ध छह-पक्षीय वार्ता से हटने के बावजूद सोमवार को जारी एक बयान में इस मसले पर संभावित बातचीत का संकेत दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार उत्तर कोरियाई विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "ताजा हालात में विशिष्ट और सीमित बातचीत हो सकती है।" यह बातचीत किस प्रकार की होगी इस बारे में तो बयान में कोई संकेत नहीं दिया गया है लेकिन कुछ टीकाकारों की राय है कि यह अमेरिका के साथ संभावित द्विपक्षीय वार्ता का आह्वान हो सकता है।
उत्तर कोरियाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि उनका देश छह देशों की वार्ता बहाल करने की मांग के समक्ष नहीं झुकेगा।
उत्तर कोरिया ने अमेरिका, चीन, दक्षिण कोरिया, रूस और जापान के साथ छह पक्षीय वार्ता में हिस्सा लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications