नोएडा में दंपति के शव पेड़ व खंभे से लटके पाए गए (लीड-1)
नोएडा पुलिस की ओर से कहा गया है कि अभी इस बारे में अस्पष्ट है कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या का, क्योंकि शवों पर चोंट के निशान देखे गए हैं। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
नोएडा सेक्टर 15ए में राहगीरों ने सुबह इन शवों को देखा। शवों की पहचान उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के निवासी पप्पू कटियार और कोलकाता की मूल निवासी उसकी पत्नी चट्टो के रूप में की गई है।
दोनों वर्ष 2002 में अपनी शादी के बाद से दिल्ली में रह रहे थे। उनके दोनों बच्चे फिलहाल दिल्ली के खान मार्केट में अपने नाना के साथ हैं।
पुलिस ने कहा है कि पति-पत्नी के बीच रिश्ते में दरार आ गई थी और दोनों ने अदालत में तलाक की अर्जी दे रखी थी।
चट्टो का शव एक पेड़ से साड़ी के सहारे लटका हुआ था, जबकि उसके पति का शव पास में एक बिजली के खंभे से लटका हुआ था। चट्टो का पति यहां एक निर्यात कंपनी में ड्राइवर था।
नोएडा के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि शवों पर चोट के निशान थे और इस मामले में अभी तक रहस्य बना हुआ है।
उन्होंने कहा, "हम अभी इसे न तो आत्महत्या करार दे सकते हैं और न तो यही कह पाने की स्थिति में है कि यह हत्या का मामला है। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि एक पुलिस दल पीलीभीत भी भेजा गया है।
अधिकारी ने कहा, "खंभे से अंगुलियों के निशान लिए गए हैं और उनकी जांच की जा रही है। घटना स्थल से और भी फोरेंसिक तथ्यों को जुटाया गया है। खंभे और पेड़ के बीच की दूरी पांच से सात मीटर है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications