पाकिस्तान में तालिबान समर्थक सूफी मुहम्मद गिरफ्तार (लीड-2)
समाचार चैनल जियो टीवी ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि पेशावर के एक इलाके में मारे गए छापे के दौरान मौलवी सूफी और उसके दो पुत्रों, जियाउल्लाह और रिजवानुल्लाह को गिरफ्तार किया गया।
खबरों के अनुसार प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-शरीयत-ए-मुहम्मदी (टीएनएसएम) के संस्थापक सूफी मुहम्मद को सरकार के खिलाफ बोलने और हिंसा तथा आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
डान न्यूज ने एनडब्ल्यूएफपी के सूचना मंत्री इफ्तिखार हुसैन के हवाले से कहा है, "सूफी मुहम्मद ने देश की न्याय प्रणाली की आलोचना की, आतंकवाद को प्रोत्साहित किया और स्वात में शांति समझौते के बाद तालिबान को मजबूत करने की अपनी नीति का समर्थन किया।"
हुसैन ने कहा, "हम स्वात में किसी को दोबारा आतंकवाद फैलाने की इजाजत नहीं देंगे और सरकार टीएनएसएम प्रमुख सूफी पर आतंकवाद के आरोप के तहत कार्रवाई करेगी।"
उल्लेखनीय है कि फरवरी में सूफी मुहम्मद ने सीमांत प्रांत की सरकार और तालिबान आतंकवादियों के बीच शांति समझौते में मध्यस्थता की थी, जिसके अनुसार प्रांत के तालिबानी प्रभाव वाले हिस्सों में हिंसा बंद करने के बदले इस्लामी कानून लागू करने पर सहमति बनी थी।
बाद में समझौता भंग हो गया और तालिबान ने राजधानी इस्लामाबाद से केवल 100 किलोमीटर दूर स्थित जिलों पर भी धावा बोल दिया। इसके बाद सेना ने तालिबान के खिलाफ व्यापक अभियान आरंभ किया।
मौलवी सूफी मुहम्मद के दोनों पुत्रों को अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
इससे पहले रविवार को मीडिया में समाचार आया था कि आतंकवादियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई आरंभ होने के बाद से गायब मौलाना सूफी मुहम्मद को पेशावर शहर में देखा गया है।
रविवार को मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि टीएनएसएम का प्रमुख सूफी मुहम्मद 26 अप्रैल को आरंभ हुए सैन्य अभियान के बाद पहली बार शनिवार को देखा गया।
एक टीवी चैनल ने उसे पेशावर में टीएनएसएम की बैठक में हिस्सा लेते समय कैमरे में कैद किया था।
टीएनएसएम के एक समर्थक ने समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' को बताया कि सूफी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए दाढ़ी छंटवा कर उसे लाल रंग में रंग लिया था।
समाचार पत्र डॉन के अनुसार टीएनएसएम की भविष्य की कार्ययोजना को निर्धारित करने के लिए शीघ्र ही केंद्रीय कार्यकारिणी समिति (सूरा) की बैठक आयोजित की जाएगी।
सूफी मुहम्मद पेशावर के सेठी कस्बे इलाके में एक किराए के मकान में रह रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications