हिन्दुत्व के एजेंडे को नहीं छोड़ेगी भाजपा : राजनाथ (लीड-1)
लखनऊ, 26 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर हिन्दुत्व के एजेंडे को नहीं छोड़ने वाली है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन कारणों से भाजपा को लोकसभा चुनाव में संतोषजनक सफलता नहीं मिली, उन्हें सार्वजनिक करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
पार्टी की राज्य इकाई की कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, "हम हिन्दुत्व के एजेंडे पर आगे बढ़ने को दृढ़ हैं। हम इस एजेंडे के साथ समझौता नहीं करेंगे, भले ही हमें सत्ता में आने में पांच से 10 वर्ष और क्यों न लग जाएं।"
सिंह ने कहा, "हमने हिंदुत्व की विचारधारा से शुरुआत की थी और इसमें बगैर किसी बदलाव के इसे जारी रखेंगे। हमें हिंदुत्व से प्रेरणा मिलती है। यह किसी धर्म से जुड़ा नहीं है। हिंदुत्व देश भर में भाईचारगी फैलाने का एक माध्यम है।"
किसी पार्टी का नाम लिए बगैर सिंह ने कहा कि कुछ पार्टियां हिंदुत्व को बदनाम करने पर तुली हुई हैं। उन्होंने कहा, "तथाकथित बौद्धिक लोग और धर्मनिरपेक्ष लोग हिंदुत्व को सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं और देश के नैतिक व पारंपरिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रहे हैं।"
सिंह ने आगे कहा, "हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि हम अपने नैतिक मूल्यों के साथ समझौता नहीं कर सकते, जो हमारे देश को पूरे विश्व में लोकप्रिय बनाए हुए हैं। देश के मूल्यों की रक्षा के लिए हम सत्ता को भी कुर्बान कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications