अधिमानी व्यापार समझौते की तैयारियां तेज करेगा दक्षिण अफ्रीका
जोहांसबर्ग, 26 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की सरकार दक्षिण अफ्रीका कस्टम्स यूनियन (एसएसीयू) के अपने सहयोगियों को भारत के साथ अधिमानी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज करने के लिए दबाव डालेगी। इससे दोनों देशों के बीच छह अरब डॉलर का आपसी व्यापार दोगुना हो सकता है।
एसएसीयू में बोत्सवाना, लेसोथिया, नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और स्वाजीलैंड शामिल हैं।
भारतीय मिशन और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित व्यापारिक सम्मेलन के अंतिम दिन भारतीय और अफ्रीकी व्यापार प्रमुखों से दक्षिण अफ्रीका के व्यापार और उद्योग मंत्री रॉब डेविस ने कहा, "अधिमानी व्यापार समझौते की दिशा में हम काफी धीरे चल रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम जहां एक दूसरे को प्राथमिकता दे सकते हैं, उसे बता रहे हैं। हमें हर रास्ते से यह समायोजित करने का प्रयास करना चाहिए जिससे आपसी लाभ हो।"
डेविस ने कहा कि वह समझौते के लिए एसएसीयू के अपने सहयोगियों से सौदेबाजी कर रहे हैं।
डेविस ने कहा कि वह तथा भारतीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने में आने वाली हर बाधा को हटाने के लिए हर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि भारत-दक्षिण अफ्रीका का मौजूदा छह अरब डॉलर का आपसी व्यापार अधिमानी व्यापार समझौते के होने के बाद आसानी से दोगुना हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications