उप राष्ट्रपति को हटाने का आदेश
ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने राष्ट्रपति अहमदीनेजाद को पत्र लिखकर उप राष्ट्रपति को हटाने का आदेश दिया है.
ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद को आदेश दिया है कि वे हाल ही में नियुक्त उप राष्ट्रपति इसफ़ंदियर रहीम माशेई को बर्ख़ास्त करें.
माना जा रहा है कि आयतुल्ला अली ख़ामनेई और अन्य कट्टरपंथी मौलवी माशेई के पिछले साल दिए एक बयान से नाराज़ हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान इसराइली लोगों का दोस्त है.
ये भी माना जा रहा है कि आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने माशेई को बर्ख़ास्त करने के आदेश वाली चिट्ठी कई दिन पहले भेजी थी.
लेकिन राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद की ओर से इस मामले में चल रहे प्रतिरोध के बाद अब ये बात सार्वजनिक हुई है.
ईरान के सरकारी टेलीविज़न का कहना है कि आयतुल्ला अली ख़ामनेई ने राष्ट्रपति अहमदीनेजाद को स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने अपने पत्र में कहा है- इस नियुक्ति को रद्द करने की घोषणा करना ज़रूरी है. माशेई की नियुक्ति आपके और सरकार के हित के ख़िलाफ़ है.
ईरान मामलों के बीबीसी के विश्लेषक का मानना है कि ईरान के सत्ताधारी कट्टरपंथियों में मतभेद का ये असाधारण संकेत है.
माशेई के बयान पर बवाल पिछले साल ही शुरू हुआ था, जब उन्हें ये कहते हुए बताया गया कि ईरानी लोग इसराइली लोगों के दोस्त हैं हालाँकि दोनों देशों की सरकारों में टकराव है. माशेई उस समय पर्यटन मंत्री थे.


Click it and Unblock the Notifications