भारत-पाक संयुक्त बयान पर कांग्रेस कोर समिति की बैठक (लीड-1)
कांग्रेस के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "यह एक नियमित बैठक है, लेकिन बैठक में भारत-पाकिस्तान का संयुक्त बयान तथा इसे लेकर जारी विरोध चर्चा का मुद्दा होगा।"
यह बैठक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर आयोजित की गई और इसमें सोनिया गांधी, रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी, वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, गृह मंत्री पी. चिदंबरम और गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल ने प्रमुख रूप से हिस्सा लिया।
इसके पहले कांग्रेस ने दिन में कहा था कि भारत-पाक के संयुक्त बयान का विरोध कर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
भाजपा ने संयुक्त बयान में बलूचिस्तान को शामिल किए जाने पर कहा है कि इससे लगता है कि उस प्रांत की समस्याओं के लिए भारत जिम्मेदार है।
इस पर कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा था, "यह पूरी तरह गलत है, सही मायने में हम एक शांत पड़ोसी चाहते हैं। भाजपा संयुक्त बयान का विरोध कर और ऐसे आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।"
उन्होंने आगे कहा कि संयुक्त बयान के बारे में औपचारिक विचार सरकारी प्रवक्ता द्वारा प्रकट किया जाएगा।
संयुक्त बयान पर पिछले सप्ताह शर्म अल- शेख में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने हस्ताक्षर किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications