संपत्ति की गलत घोषणा कदाचार माना जाएगा : प्रधान न्यायाधीश
न्यायमूर्ति बालाकृष्णन ने कहा, "संपत्ति की घोषणा न करने या संपत्ति का झूठा विवरण देने को न्यायाधीशों का कदाचार माना जाएगा और यह उनकी सेवा समाप्ति का एक आधार बन सकता है।"
प्रधान न्यायाधीश यहां न्यायाधीशों के लिए एक अतिथिगृह का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं के साथ बातचीत कर रहे थे।
ज्ञात हो कि न्यायाधीशों के लिए प्रति वर्ष अपनी संपत्ति का ब्योरा देने को अनिवार्य बनाने संबंधी एक विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाना है।
यह पूछे जाने पर कि क्या इस विधेयक के बहाने सरकार न्यायपालिका पर कोई दबाव बना रही है, इस पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा, "हम संपत्ति की घोषणा करते रहे हैं। न्यायाधीश अपनी नियुक्ति के समय प्रधान न्यायाधीश को अपनी संपत्ति का ब्योरा देते हैं।"
इस अवसर पर बालाकृष्णन ने कहा कि देशभर में जल्द ही लगभग 200 पारिवारिक अदालतें स्थापित की जाएंगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि ने चेन्नई में सर्वोच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित करने और मद्रास उच्च न्यायालय में तमिल को सरकारी भाषा के रूप में इस्तेमाल किए जाने के अपने आग्रह को दोहराया।
करुणानिधि ने कहा, "आम आदमी की पहुंच सर्वोच्च न्यायालय तक सुनिश्चित कराने के लिए मैं चेन्नई में सर्वोच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित किए जाने के अपने आग्रह को दोहरा रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications