पाकिस्तान से अब दो टूक बात हो: गोविंदाचार्य
शनिवार को यहां जारी एक बयान में गोविंदाचार्य ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा पर निशाना साधते हुए कहा, "ब्लूचिस्तान को लेकर प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने जिस तरह की बात की है उसके लिए तो विदेश मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।"
गोविंदाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री को पाकिस्तान से दो टूक बात करनी चाहिए और अमेरिका को यह कहना चाहिए कि वह पाकिस्तान को 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' के स्थान पर आतंकी राष्ट्र घोषित करे। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को पता चल गया है कि आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान की धरती का इस्तेमाल वहां की सरकार की रजामंदी से किया जा रहा है।
कश्मीर मसले पर केंद्र सरकार के रूख की आलोचना करते हुए गोविंदाचार्य ने कहा, "कश्मीर के मसले पर अमेरिका की ही सोच को पुष्ट किया जा रहा है और उसे ज्यादा से ज्यादा दखल देने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। देश को हर मसले पर अमेरिका का पिछलग्गू बना देना बेहद खतरनाक है। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के हालिया भारत दौरे पर भी सबने देख लिया कि केंद्र सरकार किस कदर अमेरिकापरस्त हो गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications