खरीदारी से सेंसेक्स में आया 634 अंकों का उछाल (शेयर समीक्षा)
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 15,378.96 अंक पर बंद हुआ जो पिछले शुक्रवार के बंद की तुलना में 634.04 अंक ऊपर था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले सप्ताह की तुलना में करीब 4.4 फीसदी बढ़कर 4568.55 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी बढ़त दर्ज की गई और इनमें सप्ताह के दौरान क्रमश: 5.41 और 6.5 फीसदी का उछाल आया।
भारतीय प्रतिभूति व विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी खरीदारों ने 38.63 करोड़ डॉलर की खरीदारी की।
मजबूत वैश्विक रुझान और कारपोरेट जगत के बेहतर नतीजों की बदौलत सोमवार को सेंसेक्स 446 अंक उछलकर 15,191.01 तक पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी 2.91 फीसदी की उछाल के साथ 4502.25 अंक पर बंद हुआ।
मंगलवार को निवेशकों द्वारा बिकवाली करने के कारण सेंसेक्स 128.52 अंक और निफ्टी 0.9 फीसदी लुढ़क गया।
बुधवार को भी बिकवाली का दबाव बना रहा और सेंसेक्स 219 अंक लुढ़ककर 14843.12 पर और निफ्टी 1.57 प्रतिशत गिरकर 4398.9 अंक पर बंद हुआ।
गुरुवार को स्थिति फिर बदली और रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुएं और धातु सेक्टर में जबर्दस्त खरीदारी हुई। इस कारण सेंसेक्स 387.92 और निफ्टी 2.84 फीसदी चढ़कर क्रमश: 15,231.04 और 4,523.75 अंक पर बंद हुआ।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को बढ़त जारी रही और सेंसेक्स 147.92 अंक और निफ्टी 0.99 फीसदी बढ़कर क्रमश: 15,378.96 अंक और 4,568.55 अंक पर बंद हुआ।
इस दौरान डीएलएफ (18.4 फीसदी), टाटा मोटर्स (18.1 फीसदी), मारुति सुजुकी (16.7) के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications