अमर सिंह को मिली अस्पताल से छुट्टी: अमिताभ
मुंबई, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि उनके मित्र और समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव अमर सिंह को सिंगापुर के अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हाल ही में सिंह का गुर्दा प्रत्यारोपण किया गया है।
अमिताभ ने शनिवार को अपने ब्लॉग पर लिखा, "मेरे मित्र अमर सिंह की सेहत में सुधार है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वह घर लौट आए हैं, लेकिन वह भारत में नहीं सिंगापुर में हैं।"
उन्होंने कहा, "वह चिकित्सीय निगरानी में रहेंगे और उनकी जांच भी होती रहेगी। उनका निगरानी में रहना जरूरी है क्योंकि इस तरह के ऑपरेशन के बाद सतर्क रहने की जरूरत होती है।"
गौरतलब है कि अमर सिंह को इसी महीने के आरंभ में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चन परिवार उनके साथ वहां कई दिनों तक रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications