भारतीय मूल के अमेरिकी ने बैंक डकैती का जुर्म कबूला
अनिरुद्ध लखन सुक्खु (42 वर्ष) ने एक खजांची के हाथ पर गोली मारी थी और इसके बाद पुलिस को चार काउंटियों तक डकैतों का पीछा करना पड़ा था।
मैरीलैंड के अटार्नी रॉड रोजेनटीन ने शुक्रवार को बताया कि जिला न्यायाधीश विलियम डी. क्वै रेल्स जूनियर ने सजा सुनाने के लिए 15 अक्टूबर की तिथि तय की है।
संघीय कैद में रखे गए सुक्खु को हथियार बंद डकैती के लिए अधिकतम 25 वर्ष कैद की सजा हो सकती है।
सुक्खु और उसके दो साथियों ने 20 नवंबर 2008 को बैंक ऑफ अमेरिका की क्लार्क्सविले शाखा से 23,471 डॉलर की लूट की थी। इस दौरान सुक्खु ने गोली चलाकर एक खजांची को घायल कर दिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को फोन किया, जिसने चार काउंटियों तक लुटेरों का पीछा किया। लुटेरे अपने एक साथी के घर के समीप अपनी ट्रक छोड़कर भाग गए।
बाद में सुक्खु ने पुलिस को फोन करके अपने ट्रक के लूटे जाने की झूठी शिकायत दर्ज कराई लेकिन बाद में पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।