ब्लॉग पर भी टपकी बारिश की बूंदे
नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर भारत में बारिश की बूंदों से जहां सभी को तपती गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं किसानों के चेहरे पर भी खुशी लौट आई है। ऐसे खुशनुमा मौसम में भला ब्लॉग जगत कैसे अपनी खुशी छुपाए रख सकता है। इन दिनों कई ब्लॉगों पर बारिश से जुड़ी टिप्पणियां पढ़ने को मिल रही है।
बारिश की बूंदों से मिलने वाली खुशी का इजहार ब्लॉगर शब्दों और तस्वीरों के जरिए कर रहे हैं। 'मानसी' ब्लॉग पर बारिश से भींगने के अनुभव को गीत के जरिए पेश किया है। ब्लॉगर ने टिप्पणी की है- "कल की शाम बड़ी भारी थी/ मूसलाधार बारिश में/कहीं बहुत कुछ भीग रहा था/ हर पंखुड़ी पर जमा थी कई पुराने उधड़े लम्हों की दास्तां.।"
'शब्द शिखर' पर बारिश में भुट्टे (मक्का) खाने के आनंद का जिक्र किया गया है, जिसमें कहा गया है, "बारिश का मौसम हो और मक्का की चर्चा न हो तो बात अधूरी लगती है। सड़क के किनारे खड़े होकर ठेले से भुट्टा लेने की बात याद आते ही उसकी सौंधी खुशबू और भुट्टे पर बड़े मन से लगाए गए नीबू-नमक का जायका ही निराला होता है। "
बारिश का मौसम आपके लिए केवल राहत ही लेकर नहीं आता है बल्कि सेहत के लिहाज से इस ऋतु में स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें भी बढ़ा जाता है। 'बुरा भला' पर बारिश और बीमारियों से जुड़ी टिप्पणी है। इसमें कहा गया है कि बारिश में फंगल इंफेक्शन और पायोडर्मा (फोड़े-फुंसी) जैसी बीमारियों से बचकर रहना चाहिए। ब्लॉगर ने टिप्पणी में बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए हैं।
'कबाड़खाना' में तीन पेंटिंग को जगह दी गई है। ये तीनों पेंटिंग बारिश के नजारे को बयां करती है। इसका शीर्षक दिया गया है, 'बारिश, बारिश.बारिश'। इसमें बताया गया है कि जब बारिश की बूंदे जमीन पर गिरती है तो प्रकृति की हरियाली और भी बढ़ जाती है। बारिश और हरियाली पर की गई टिप्पणी है, "ओ हरे, मैं तुझसे कितना प्रेम करता हूं।"
बारिश से किसानों को सबसे अधिक राहत मिली है। 'बारिश होते ही खेतों में दिखे धरती पुत्र' शीर्षक से 'धरती' में टिप्पणी की गई है, "बारिश के साथ ही किसान खेतों में हंसते हुए दिखने लगे हैं। अरसे से उदास पड़ी जमीन पर बैलों के गले में पड़ी घंटियों की आवाज ने दस्तक देनी शुरू कर दी है।"
इन दिनों बारिश की बूंदों से भींगी ऐसी कई टिप्पणियों से हिंदी ब्लॉग जगत गुलजार है। जहां कुछ लोग बारिश से जुड़ी यादों को बांट रहे हैं वहीं कुछ ब्लॉगर कई महत्वपूर्ण जानकारियां को भी पाठकों तक पहुंचा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications