खत्म होने वाली है सू की के मुकदमे की सुनवाई
यंगून, 24 जुलाई (आईएएनएस)। म्यांमार में विपक्ष की नेता आंग सांग सू की के मुकदमे में शुक्रवार को अंतिम जिरह होने वाली है और उनके वकीलों का कहना है कि वह बुरी से बुरी स्थिति का सामना करने को तैयार हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सू की ने पिछले 19 बरसों में से 13 हिरासत में रहकर ही बिताए हैं और ताजा मुकदमे में भी फैसला अपने खिलाफ जाने पर उन्हें पांच साल और हिरासत में बिताने पड़ सकते हैं। वकीलों का कहना है कि उनकी दलीलें दमदार हैं लेकिन इसके बावजूद सू की किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं।
सू की के खिलाफ यह मुकदमा नजरबंद रहने के दौरान झील के रास्ते से अपने घर पहुंचे जॉन विलियम येट्टॉव नाम के एक अमेरिकी को वहां दो दिन तक रहने की इजाजत देने के कारण चलाया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं दी थी।
ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, फ्रांस तथा अमेरिकी दूतावासों के प्रमुखों को शुक्रवार को इंसेन जेल में दाखिल होते देखा गया। इसी जेल में सू की के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई हो रही है।
जुंटा सरकार के आलोचकों का मानना है कि वह वर्ष 2010 को होने वाले चुनावों तक बंदी बनाकर ही रखना चाहती है। सू की की हिरासत 27 मई को खत्म होने वाली थी।
सू की के ताजा मुकदमे का दुनिया भर में विरोध हो रहा है। पिछले सप्ताह अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा था कि यदि म्यांमार अमेरिका के साथ संबंध सुधारना चाहता है तो वह सू की को रिहा करे हालांकि म्यांमार सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications