रीता बहुगुणा जोशी ने सरकारी सुरक्षा लौटाई
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि जोशी और कांग्रेस पार्टी दोनों का मानना है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के घर पर लूटपाट और आगजनी राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित थी। आगजनी की घटना के बाद राज्य सरकार द्वारा उनके घर की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए गये थे, जिन्हें जोशी ने वापस कर दिया है।
सिंह ने आरोप लगाया कि सब कुछ पुलिस अधिकारियों के देखरेख में हुआ था। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से मुहैया कराई गई सुरक्षा स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा, "प्रदेश अध्यक्ष को सुरक्षा देने का ढोंग करके मुख्यमंत्री मायावती अपनी छवि सुधारने का नाटक कर रही हैं।"
इससे पहले गत सोमवार को लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में जोशी ने कहा था, "जो मायावती मेरे घर में आगजनी करवा सकती हैं, वह मेरी हत्या भी करवा सकती हैं।"
मालूम हो कि गत 13 जुलाई को मायावती पर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद देर रात बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कार्यकर्ताओं ने जोशी का आवास फूंक दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*