सेलवरसा पद्मनाथन लिट्टे का नया चीफ

लिट्टे का नया मुख्यालय स्थापित
प्रभाकरण की जगह लेने वाले पद्मनाथन कई वर्षों से लिट्टे में सक्रिय रहे हैं। उनका मुख्य काम हथियारों की आपूर्ति व संगठन के लिए धन एकत्र करना था। लिट्टे ने अपना नया मुख्यालय भी एक गोपनीय स्थान पर स्थापित कर दिया है।
प्रभाकरण के मारे जाने के बाद दो माह से यह पद खाली था। लिट्टे ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि उनका संघर्ष जारी रहेगा और सकी अगुवाई अब सेलवरसा पद्मनाथन करेंगे। लिट्टे ने कहा है कि वो अपने संघर्ष का तरीका बदल देंगे, लेकिन आजाद तमिल ईलम के लिए हमेशा सक्रिय रहेंगे। बयान में कहा गया है कि लिट्टे प्रभाकरण को ही हमेशा अपना नेता मानेंगे।
प्रभाकरण के नजरिए से संघर्ष होगा
लिट्टे ने कहा, "पद्मनाथन अब हमारे आदरणीय नेता प्रभाकरण के नजरिए से हमारी आजादी के संघर्ष को नेतृत्व प्रदान करेंगे। हर मुक्ति संघर्ष की तरह हम भी अपने संघर्ष के तरीके और रणनीति को समय व मांग के अनुरूप बदलेंगे। हमारा अंतिम लक्ष्य मुक्त तमिल ईलम है जो कभी नहीं बदलेगा।"
प्रभाकरण के कार्यकाल में पद्मनाथन को लिट्टे का अंतरराष्ट्रीय संबंधों का प्रमुख नियुक्त किया गया था। उन्होंने वर्षो तक लिट्टे के लिए हथियारों की आपूर्ति सुनिश्चित की। लिट्टे ने पद्मनाथन को अपना नेता तो चुन लिया, लेकिन उन्हें तमिल समुदाय का समर्थन मिलेगा या नहीं यह अभी पक्का नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications