स्वाइन फ्लू के 29 नए मामले,भारतमें पीड़ितों की संख्या 371 हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, "गुरुवार को प्रयोगशाला में पुष्ट स्वाइन फ्लू के 29 मामले सामने आए। इनमें दिल्ली में सात,बंगलुरू में छह, चेन्नई में चार, पुणे में चार, हैदराबाद में तीन, तिरूवनंतपुरम में दो, गोवा में दो और कोयम्बटूर में एक पुष्ट मामला सामने आया है।"
बयान के अनुसार इन 371 पीड़ितों में से 237 को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। शेष अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं।
उधर दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने गुरुवार को अभिभावकों से स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने पर अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
सेंट थामस स्कूल, जहां के 11 छात्रों में स्वाइन फ्लू पाया गया, का दौरा करते समय वालिया ने कहा कि सरकार स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इन 11 छात्रों में से छह पूरी तरह स्वस्थ्य हो चुके हैं। शेष का इलाज राममनोहर लोहिया, भीमराव आंबेडकर और लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में चल रहा है।
वालिया ने कहा कि स्कूलों को बंद करने की कोई आवश्यकता नहीं है। केवल सतर्क रहने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications