समान गोत्र में शादी करने पर युवक की हत्या
नरवाना(हरियाणा), 23 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा में समाज की मर्जी के खिलाफ अपने ही गोत्र की एक लड़की से विवाह करने के कारण 21 वर्षीय एक युवक की उसकी पत्नी के गांव वालों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना जींद जिले में नरवाना कस्बे के निकट के सिंहवाल गांव की है। रवींद्र अपनी पत्नी सोनिया को विदा कराने बुधवार को इस गांव में पहुंचा था और तभी उसकी पिटाई की गई।
गांव वालों ने रवींद्र के शव को बुधवार देर रात तक किसी को भी ले जाने नहीं दिया और उसे वहीं गांव के चौराहे पर रख दिया था। उल्लेखनीय है कि यह गांव जाट बहुल है।
जींद के पुलिस अधीक्षक सतीश बालन ने आईएएनएस को बताया, "हम वहां से शव लाए हैं और उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हमने लड़की के परिजनों और कुछ अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।"
रवींद्र ने इसी वर्ष मार्च में सोनिया (18) से विवाह किया था। उनकी शादी का सोनिया के घर वालों और ग्रामीणों ने यह कहते हुए विरोध किया कि दोनों समान गोत्र के हैं और ऐसे वे भाई-बहन होंगे।
गौरतलब है कि हरियाणा में गोत्र और परिवार के कथित सम्मान के नाम पर इस तरह की हत्याएं पहली भी होती रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications