एनएसजी की छूट से आगे बढ़ेगा भारत : कृष्णा
विशेष विमान से, 23 जुलाई (आईएएनएस)। यूरेनियम संवर्धन और पुनप्र्रसंस्करण प्रौद्योगिकी (ईएनआर) के हस्तांतरण पर जी-8 देशों के प्रतिबंध से अप्रभावित विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने गुरुवार को कहा है कि भारत परमाणु आपूर्ति समूह (एनएसजी) देशों से मिली स्पष्ट छूट के सहारे आगे बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका दो अमेरिकी परमाणु रिएक्टरों के लिए स्थान के चयन की प्रक्रिया में लगे हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले देशों को ईएनआर हस्तांतरण पर प्रतिबंध की जी-8 देशों की घोषणा के बाद भी भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौता सुरक्षित है, कृष्णा ने कहा, "एनएसजी ने भारत को स्पष्ट छूट दी है। हम एनएसजी के निर्देशों के हिसाब से आगे बढ़ेंगे।"
थाईलैंड के द्वीप फुकेट से आसियान क्षेत्रीय फोरम की बैठक में हिस्सा लेने के बाद वापस लौटते समय कृष्णा ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए यह कहा।
यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के भारत दौरे के समय अमेरिकी रिएक्टरों के लिए स्थान चयन पर प्रतिबद्धता कायम हुई है, कृष्णा ने कहा,"वार्ता अभी भी जारी है। हम दो स्थानों के चयन की प्रक्रिया में लगे हैं।"
भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार दोनों स्थान संभवत: गुजरात और आंध्र प्रदेश में हैं।
विदेशी परमाणु कंपनियों को दुर्घटनाओं पर हर्जाने देने से छूट देने के लिए नागरिक दायित्व कानून में भारत को सुधार तेज करने की हिलेरी की सलाह के बारे में पूछे जाने पर कृष्णा ने उत्तर दिया, "हम इस मामले पर विचार कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications