मध्य प्रदेश में मंत्रियों के बंगलों की सजावट पर 1.46 करोड़ रुपये खर्च हुए
राज्य विधानसभा में लोक निर्माण मंत्री नागेन्द्र सिंह द्वारा पेश किए गए ब्यौरे में कहा गया है कि प्रदेश सरकार के मंत्री जिन बंगलों में रहते हैं उनकी साज सज्जा पर पिछले तीन साल में एक करोड़ 46 लाख 31 हजार 59 रुपये खर्च हुए हैं। खर्च हुई इस राशि में सबसे बड़ा हिस्सा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगलों के नाम दर्ज हैं। ब्यौरे के मुताबिक मुख्यमंत्री के श्यामला हिल्स स्थित आवास, जो कि उनका स्थाई निवास है, की साज सज्जा पर 37 लाख 84 हजार 919 रुपये खर्च हुए और 74 बंगले के बी 8 की साज सज्जा 2 लाख 10 हजार 808 रुपये से की गई है। यहां यह उल्लेखनीय है कि बी 8 वह बंगला है जिसमें मुख्यमंत्री रहते नहीं हैं।
कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेढ़ा द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में बताया गया है कि 1 अप्रैल 2008 से 31 मार्च 2009 तक प्रदेश के मंत्रियों के बंगलों की साज सज्जा पर कुल 70 लाख 31 हजार 161 रुपये खर्च हुए हैं। इसमें सबसे ज्यादा खर्च मुख्यमंत्री के दोनों बंगलों पर हुआ है। यह राशि 11 लाख 6139 है। इसके अलावा शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस के बंगले की सजावट पर पांच लाख 50 हजार 322 रुपये, तत्कालीन मंत्री नरोत्तम मिश्रा के आवास के रखरखाव पर बीते साल चार लाख 65 हजार 978 रुपये तथा आदिम जाति कल्याण मंत्री जगन्नाथ सिंह के आवास पर तीन लाख 93 हजार 506 रुपये खर्च हुए हैं। वन राज्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री पारस जैन और तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अजय विश्नोई के बंगलों की सज्जा पर तीन लाख से अधिक रुपये खर्च किए गए हैं।
बंगलों की सजावट के मामले में कुछ मंत्री ऐसे भी हैं जिन्होंने अपने बंगले की सजावट पर नाममात्र की राशि ही खर्च की। ऐसे मंत्रियों में तत्कालीन मंत्री चन्द्रभान सिंह (6278 रुपये) और अब दिवंगत हो चुके तत्कालीन शिक्षा मंत्री लक्ष्मण सिंह गौड़ (550 रुपये)के नाम हैं।
विधानसभा में पेश किए गए ब्यौरे में बताया गया है कि इस तीन साल की अवधि में मंत्रियों के आवास में हुए निर्माण कार्यो पर 23 लाख से अधिक की राशि खर्च की गई है। बीते वर्ष सिर्फ एक मंत्री के बंगले में अतिरिक्त निर्माण हुआ है और वह हैं स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा, जिन्होंने अतिरिक्त निर्माण पर एक लाख रुपए खर्च किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।