कांग्रेस मायावती सरकार गिराने के पक्ष में नहीं :जोशी
लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में गुरुवार को रीता बहुगुणा जोशी ने संवाददाताओं से कहा कि मायावती सरकार पूरी तरह से निरंकुश हो गई है। सूबे में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। सरकार अलोकतांत्रिक ढंग से बदले की भावना के तहत विपक्षी दलों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस जनता द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई मायावती सरकार को गिराने के पक्ष में नहीं है।
जोशी ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि उत्तर प्रदेश की 17 करोड़ जनता ने मायावती को सरकार चलाने का जनादेश दिया है। इसलिए हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 25 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से उत्तर प्रदेश से चुने गए सभी पार्टी सांसदों के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह मौजूदगी में सभी सांसदों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद दिग्विजय सिंह सभी सांसदों के साथ एक बैठक करेंगे।
उन्होंने बताया कि रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी और अमेठी से सांसद राहुल गांधी इस कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण शिरकत नहीं कर पाएंगे।
जोशी ने कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी आगामी 4 अगस्त को उत्तर प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में आने वाले समय को लेकर पार्टी अपनी रणनीति बनाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications