प्रोत्साहन पैकेज से मिली आधारभूत संरचना क्षेत्र को गति : मंत्री (लीड-1)
पिछले माह छह प्रमुख आधारभूत क्षेत्रों में 6.5 फीसदी की दर से हुए विकास के संदर्भ में शर्मा ने कहा, "यह स्पष्ट है कि सरकारी प्रोत्साहन पैकेज और बजट प्रावधानों का सकारात्मक असर रहा। इसका नतीजा अब दिख रहा है।" मई महीने में औद्योगिक विकास की दर 2.8 फीसदी थी।
व्यापार संबंधी एक सम्मेलन के मौके पर उन्होंने कहा, "दरअसल, कोयला, स्टील, सीमेंट जैसे सेक्टरों में दहाईं अंक में वृद्धि दर्ज की गई है, जो उत्साहजनक संकेत हैं।"
मंत्री ने कहा कि जिस तरह से बाजार ने बजट पर प्रतिक्रिया दी थी उससे उनको थोड़ा आश्चर्य हुआ था।
छह प्रमुख आधारभूत क्षेत्रों में कच्चा तेल, रिफाइंड पेट्रोलियम ईंधन, कोयला, बिजली, सीमेंट और तैयार इस्पात शामिल हैं। इन क्षेत्रों का देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में कुल 26.7 फीसदी की हिस्सेदारी है। पिछले वर्ष जून में इसमें 5.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
सबसे ज्यादा कोयला क्षेत्र में विकास हुआ और यह 14.7 फीसदी रहा। इसके बाद सीमेंट क्षेत्र में 12.8 फीसदी, बिजली क्षेत्र में सात फीसदी, तैयार इस्पात में 5.3 फीसदी और कच्चे तेल के क्षेत्र में 4.3 फीसदी का विकास हुआ। हालांकि रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादन में 3.7 फीसदी की गिरावट हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications