खदान में आग के बाद रांची-पटना राजमार्ग बंद
कुजू के निकट सीसीएल की खदान में आग की वजह से राजमार्ग के तीन किलोमीटर के दायरे में खतरे की आशंका से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। राजमार्ग पर नजर रखने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
हजारीबाग और कोडरमा होते हुए रांची को पटना से जोड़ने वाले इस राजमार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। रामगढ़ के उपायुक्त अरुण कुमार सिंहा ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि वाहनों की आवाजाही के लिए जल्दी ही वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य 10-15 दिनों में पूरा हो जाएगा।
सीसीएल के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो सकता था यदि इसे तत्काल बंद नहीं किया जाता। बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक दल ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। वहीं सीसीएल आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications