समान गोत्र में विवाह करने पर युवक की हत्या, तनाव (लीड-1)
पुलिस के मुताबिक यह घटना जींद में नरवाना कस्बे के निकट के सिंहवाल गांव की है। वेदपाल अपनी पत्नी सोनिया को विदा कराने बुधवार रात इस गांव में पहुंचा था और तभी उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि वेदपाल के साथ कम से कम 15 पुलिसकर्मी और अदालत का एक अधिकरी भी था। गांव वालों ने घेरकर उसकी पिटाई की। इस दौरान पुलिसकर्मी और अधिकारी वहां से भाग निकले।
गांव वालों ने वेदपाल के शव को बुधवार देर रात तक किसी को भी ले जाने नहीं दिया और उसे वहीं गांव के चौराहे पर रख दिया था। उल्लेखनीय है कि यह गांव जाट बहुल है।
जींद के पुलिस अधीक्षक सतीश बालन ने आईएएनएस को बताया, "हम वहां से शव लेकर आए हैं और उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हमने लड़की के परिजनों और कुछ अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।"
वेदपाल ने इसी वर्ष मार्च में सोनिया (18) से विवाह किया था। उनकी शादी का सोनिया के घर वालों और ग्रामीणों ने यह कहते हुए विरोध किया कि दोनों समान गोत्र के हैं और ऐसे वे भाई-बहन होंगे।
गौरतलब है कि हरियाणा में गोत्र और परिवार के कथित सम्मान के नाम पर इस तरह की हत्याएं पहले भी होती रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications