वाराणसी: ग्रहण के बाद भगदड़, 2 मौत

देश में वाराणसी ऐसा शहर है, जहां पर बुधवार को सूर्य ग्रहण का सबसे सुंदर नजारा देखने को मिला। सुबह सवेरे आसमान में डायमंड रिंग देख कर लोगों में उत्साह कई गुना बढ़ गया, लेकिन सूर्य ग्रहण खत्म होने के तुरंत बाद यही उत्साह भगदड़ में बदल गया।
शीतला घाट पर हुआ हादसा
सूर्य ग्रहण खत्म होते ही यहां के प्रसिद्ध दसश्वमेघ घाट के पास स्थित शीतला घाट पर यह हादसा हुआ। ग्रहण खत्म होते ही हजारों की संख्या में लोग गंगा नदी में डुबकी लगाने के लिए उमड़ पड़े। अचानक मची भगदड़ में एक 65 वर्षीय महिला गिर कर भीड़ के नीचे दब गई। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हुई है।
डीआईजी पुलिस पीसी मीना का कहना है कि अनुमान से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण यह हादसा हुआ। इस हादसे में एक व्यक्ति के डूब कर मरने की भी खबर है। साथ ही दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को यहां करीब 60 से 70 हजार लोग सूर्य ग्रहण देखने पहुंचे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


Click it and Unblock the Notifications