माया, लालू से छिन जाएगी एनएसजी!

गृह मंत्रालय की सुरक्षा वर्गीकरण कमिटी की ने इस संबंध में सिफारिश भी कर दी है। यही नहीं कमेटी की सिफारिश का विरोध भी नेताओं ने शुरू कर दिया है।
नटवर सिंह की सुरक्षा पूरी तरह हटेगी
सुरक्षा कमेटी ने मंगलवार को मायावती, लालू यादव, राबड़ी देवी, मुलायम सिंह यादव और भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी को दी गई एनएसजी सुरक्षा वापस लेने का सुझाव दिया। कमेटी ने पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और जगमोहन की सुरक्षा कम करने का भी सुझाव दिया। यही नहीं कमेटी ने पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की सुरक्षा पूरी तरह हटाने की संस्तुति की।
सुरक्षा हटाने, घटाने या बढ़ाने के बारे में अंतिम फैसला गृहमंत्री पी. चिदंबरम ही करेंगे। इन व्यक्तियों को सुरक्षा में एनएसजी और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को लगाया गया है।
भड़क उठे लालू, मुलायम
अपनी सुरक्षा कम किये जाने के मामले पर लालू प्रसाद यादव बुधवार को चिदंबरम पर भड़क उठे। राजद अध्यक्ष लालू यादव ने कहा है कि अगर उन्हें कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार चिदंबरम होंगे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने भी कहा, "मेरी जान को खतरा है। लालू प्रसाद की जान को खतरा है और कोई हमला होता है तो इसके लिए आप जिम्मेदार होंगे।"
लोकसभा में उठा मामला
लोकसभा में शून्य काल में सपा के शैलेंद्र कुमार ने यह मामला उठाया। इसके बाद मुलायम सिंह ने प्रस्तावित बदलाव पर विरोध जताते हुए कहा, "1993 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद मुझे सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। मैंने स्वयं कभी सुरक्षा की मांग नहीं की। यहां तक कि मेरे ऊपर मुंबई और हैदराबाद में हमले भी हुए।"
सपा और राजद के सदस्यों ने इस बारे में गृह मंत्री से जवाब मांगा लेकिन उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। सदन की अध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा कि यह मामला शून्य काल में उठाया गया है और इसका जवाब देने के लिए मंत्री बाध्य नहीं हैं।


Click it and Unblock the Notifications