मजदूर की मौत, डीएमआरसी ने कहा 'बड़ा हादसा' नहीं (लीड-1)
पुलिस के मुताबिक यह हादसा बुधवार सुबह 5.45 बजे के आसपास पश्चिमी दिल्ली के निर्माणाधीन अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन पर हुआ।
डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल ने बताया, "बीम विकी के कंधे पर गिर गई। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई।"
उन्होंने कहा, "मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि यह कोई बड़ा हादसा नहीं था। कुछ भी होता है तो उस पर बड़ी प्रतिक्रिया जताने का चलन चल पड़ा है।"
दयाल ने बताया कि डीएमआसी के मुख्य परियोजना प्रबंधक और दूसरे अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) शरद अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया कि गंभीर रूप से जख्मी विकी को महाराजा अग्रसेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। विकी उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
अग्रवाल ने कहा, "इलाके में सभी चीजें सामान्य हैं। हादसे की वजह से यातायात में कोई रुकावट नहीं आई।"
गौरतलब है कि 12 जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के जमरूदपुर में मेट्रो के एक निर्माणाधीन पुल के गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications