पाकिस्तानी सर्वोच्च न्यायालय ने मुशर्रफ को नोटिस जारी किया
प्रधान न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी की अध्यक्षता वाली 14 न्यायाधीशों की एक खंडपीठ ने पाकिस्तान सरकार द्वारा मुशर्रफ का बचाव करने से इंकार कर दिए जाने के बाद मुशर्रफ को निजी तौर पर या फिर अपने वकील के जरिए 29 जुलाई को अदालत में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया है।
नोटिस जारी करने के पहले प्रधान न्यायाधीश ने कहा, "3 नवंबर, 2007 को उठाए गए कदमों की जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।"
मुशर्रफ एक व्याख्यान देने के सिलसिले में फिलहाल लंदन में हैं। उनके पाकिस्तान लौटने के बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
लंदन में जब उनसे सर्वोच्च न्यायालय के इस आदेश के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
ज्ञात हो कि मुशर्रफ ने सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालयों के कई सारे न्यायाधीशों को उस समय बर्खास्त कर दिया था, जब उन्होंने उस प्रोविजनल कांस्टीट्यूशनल आर्डर (पीसीओ) के तहत नए सिरे से शपथ लेने से इंकार कर दिया था, जिसे मुशर्रफ ने 3 नवंबर 2007 को आपातकाल लागू करने के साथ ही जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications