प्रचंड ने नेपाल को भारत से हथियार नहीं खरीदने को कहा
काठमांडू, 22 जुलाई (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' ने नई सरकार से भारत से हथियार नहीं खरीदने को कहा है और चेतावनी दी है कि इसका वर्तमान शांति वार्ता पर बहुत खराब प्रभाव होगा।
प्रचंड के सहयोगी समीर दहाल ने आईएएनएस से कहा कि प्रचंड ने प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल से भारत से नया सैन्य सहयोग नहीं मांगने को कहा है।
माओवादी सुप्रीमो का एतराज मंगलवार को नई दिल्ली में नेपाली रक्षामंत्री विद्या भंडारी और रक्षामंत्री ए.के.एंटनी की मुलाकात के बाद आया है।
भारत के एक सप्ताह के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे भंडारी ने कहा कि वह भारत सरकार से नवीन हथियार और प्रशिक्षण में सहयोग देने के लिए चर्चा करेंगे।
नेपाल में गृहयुद्ध के समय भारत ने आतंकवाद खत्म करने के लिए स्वदेश में निर्मित इंसस राइफलों को 70 प्रतिशत सब्सिडी पर नेपाल को उपलब्ध कराया था।
नेपाल में राजा ज्ञानेंद्र के वर्ष 2005 में सत्ता पर कब्जा करने के बाद भारत ने अपनी नाराजगी दिखाते हुए सैन्य सहायता बंद कर दी थी।
प्रचंड ने माधव कुमार नेपाल को मंगलवार रात टेलीफोन करके कहा कि हथियारों की खरीद की बहाली व्यापक शांति समझौते का उल्लंघन होगा, जिस पर माओवादियों और नेपाल के बड़े राजनीतिक दलों ने वर्ष 2006 में हस्ताक्षर किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications