16 वर्षीय लड़की ने होमगार्ड को गोली मारी
जिले के पुलिस उपाधीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि घटना आज उरई बस अड्डे के निकट हुई जब घर से फरार एक प्रेमी जोड़े को रिक्शे से थाने लेकर जा रहे होमगार्ड रामचंद्र यादव को बहस के बाद युवती ने तमंचे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए।
सिंह ने बताया कि दोनों को पुलिस ने घेरकर करीब आधे घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनो प्रेमी युगल औरैया कस्बे के रहने वाले हैं और दोनों सोमवार को घर से फरार हो गए थे। पहले दोनों दिल्ली गए और फिर वहां से उरई(जालौन) आ रहे थे। तभी बस कंडक्टर को दोनों पर शक हुआ और उसने दोनों को बस स्टैंड के पास पुलिस चौकी में जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक वहां से एक उप-निरीक्षक और एक होमगार्ड उन्हें लेकर कोतवाली आ रहे थे। होमगार्ड दोनों को रिक्शे में बिठाकर ला रहा था जबकि उपनिरीक्षक पीछे साइकिल से आ रहा था। इस दौरान होमगार्ड की प्रेमी युगल से बहस हो गई और लड़की ने उसे गोली मार दी।
सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और प्रेमी युगल से इस बात की पूछताछ की जा रही है कि तमंचा उनके पास कहां से आया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications