राजमार्ग परियोजनाओं के लिए धन की समस्या नहीं : कमलनाथ
देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक-निजी भागीदारी वाली सड़क और राजमार्ग पहल के लिए निवेश आकर्षित करने के वास्ते सभी 'रोड शो' में खुद शामिल हो रहे कमलनाथ ने कहा कि आधारभूत ढांचा के इस क्षेत्र में तीव्र विकास संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की प्राथमिकता है।
उद्योग जगत के एक सम्मेलन में कमलनाथ ने कहा,"जहां तक सड़कों का संबंध है, निवेश कोई मुद्दा नहीं है। हमें कुछ चीजों को निर्धारित क्रम में रखना है। अगले 10 महीनों में हम भारी मात्रा में निविदाएं आमंत्रित करेंगे। "
कमलनाथ ने कहा कि उनका लक्ष्य हर वर्ष 7000 किलोमीटर सड़कें बनाना है। यह इस वर्ष तो हासिल नहीं किया जा सकता क्योंकि इसके लिए सलाहकारों, ठेकेदारों और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की क्षमता में वृद्धि करनी होगी।
मंत्री ने कहा कि सड़कों और राजमार्गो की परियोजनाओं पर आने वाली कुल 70 अरब डॉलर की लागत में से निजी क्षेत्र 40 अरब डॉलर लगाएगा। विदेशी निवेशकों से 10 अरब डॉलर की रकम मिलने की आशा है।
कमलनाथ सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड और इंडोनेशिया में निवेशकों से चर्चा कर चुके हैं और आने वाले कुछ हफ्तों में अमेरिका और यूरोप के निवेशकों से वार्ता करेंगे।
मंत्री ने कहा कि उन्हें सामान्य रूप से लगता है कि धन की कोई समस्या नहीं है।
कमलनाथ ने कहा कि भारतीय सड़क क्षेत्र में भारी संभावनाएं हैं,जहां यातायात प्रतिवर्ष सात प्रतिशत और आटोमोबाइल क्षेत्र 12 प्रतिशत की दर से वृद्धि कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications