एक माह के भीतर हो जाएगा एयर इंडिया बोर्ड का पुनर्गठन : पटेल
उड्डयन क्षेत्र से जुड़े एक कार्यक्रम के मौके पर पटेल ने कहा, "एयर इंडिया को वित्तीय और संगठनात्मक रूप से पुनर्गठित किया जाएगा। मैं आश्वस्त हूं कि वह शीघ्र लाभ कमाने लगेगी और अपने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर देगी।"
उन्होंने कहा कि एयरलाइंस का संचालन तर्कसंगत तरीके से होना चाहिए। उन्होंने कहा, "एक सीमा के बाद सरकार भी उसकी समस्याओं में हस्तक्षेप नहीं कर सकेगी। प्रबंधन को ही समस्याओं का समाधान ढूंढना पड़ेगा। मुझे आशा है कि कंपनी अपनी समस्याओं से उबर जाएगी।"
पटेल ने कहा कि सरकार विमान कंपनी के सलाहकार मंडल में शामिल करने के लिए पेशेवर लोगों की तलाश कर रही है।
उन्होंने कहा, "विमान कंपनी की प्रकृति और कार्य संस्कृति में बदलाव करना पड़ेगा। सरकार को सहायता करके खुशी होगी, लेकिन हम एयर इंडिया से भी इसी के अनुरूप उत्साह की आशा करते हैं।"
पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का नुकसान बढ़कर पांच हजार करोड़ रुपये हो गया था। इस कारण पटेल कंपनी को सरकार से 10 हजार करोड़ रुपये की सहायता दिलवाना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications