कृष्णा ने भारत-आसियान शिखर बैठक का आधार तय किया
फुकेट (थाईलैंड), 22 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने बुधवार को पूर्वी एशियाई शिखर वार्ता (ईएएस) के 16 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात कर दक्षिण एशियाई देशों के संगठन -आसियान के साथ अक्टूबर में भारत की सातवीं शिखर बैठक का आधार तय किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक में अन्य विषयों के अलावा आतंकवाद, वैश्विक वित्तीय संकट से निपटने के सामूहिक तरीकों और आपदाओं से निपटने के तरीकों पर चर्चा की गई।
कृष्णा सोमवार देर रात तीन दिन की यात्रा पर यहां पहुंचे थे। उन्होंने ईएएस देशों के विदेश मंत्रियों के साथ अनौपचारिक बातचीत में भारत की पूर्वी एशियाई क्षेत्र के साथ व्यापक आर्थिक एवं रणनीतिक संबंधों की इच्छा बताई।
थाईलैंड अक्टूबर में आसियान और ईएएस की शिखर बैठकों की मेजबानी करेगा। आयोजन स्थल तय किया जाना अभी बाकी है। भारत आसियान का सहयोगी वार्ताकार है। आसियान देशों में इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, फिलीपींस, सिंगापुर, लाओस, कंबोडिया, वियतनाम, म्यांमार और ब्रुनेई शामिल हैं।
10 सदस्यीय आसियान देशों के अलावा 16 सदस्यीय ईएएस में भारत, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, जापान, चीन और दक्षिण कोरिया भी है।
कृष्णा बुधवार शाम आसियान-भारत मंत्रिस्तीय बातचीत में हिस्सा लेंगे, जिसमें सातवीं भारत-आसियान शिखर बैठक की कार्यसूची तय होगी। इस दौरान कृष्णा चीन, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, रूस, मलेशिया और थाईलैंड के विदेश मंत्रियों से द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
कृष्णा गुरुवार को 16वीं आसियान क्षेत्रीय मंच (आरएएफ)की बैठक में हिस्सा लेंगे। सुरक्षा मामलों पर होने वाली इस बैठक में आतंकवाद, उत्तर कोरियाई परमाणु मसले और वैश्विक वित्तीय संकट पर चर्चा होगी। आरएएफ में अमेरिका, चीन और पाकिस्तान सहित 27 देशों के विदेश मंत्री हिस्सा लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications