भारतीय ने सिखाई कसाब को हिंदी

सैन्य ट्रेनिंग के साथ पढ़ाई भी
अपना जुर्म कबूल करते समय कसाब ने लश्कर-ए-तैयबा के अबू हमजा, अबू कफा और जकी-उर-रहमान लखवी के साथ-साथ एक भारतीय नागरिक अबू जुंदल के नाम का खुलासा किया। कसाब ने बताया कि इन सबने मिलकर उसे व उसके साथियों को हमले के लिए तैयार किया।
इकबालिया जुर्म के पहले तक कसाब यह कहता आ रहा था कि उसने हिंदी फिल्मों को देखकर हिंदी बोलना सीखी। उसने यह भी कहा था कि गोल फिल्म देखने के बाद वो जॉन इब्राहिम का फैन हो गया था। लेकिन अब कसाब कह रहा है कि सैन्य ट्रेनिंग के साथ-साथ उसे हिंदी बोलना भी सिखाया गया, जिसमें जुंदल ही उन्हें पढ़ाता था।
मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में अबु जुंदल
सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जुंदल हैदराबाद का रहने वाला है और पिछले 15 साल से आतंकी गतिविधियों में शामिल है। वो भारत की मोस्ट वॉन्टेड की सूची में भी है। ताजा खबरों के मुताबिक जुंदल पहले भारत के ही एक कट्टरपंथी संगठन से जुड़ा और बाद में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने लगा।
यही नहीं आईएसआई ने मुज़फ्फराबाद में अपने ट्रेनिंग कैंप में भी अबु जुंदल को शामिल किया था। अबु जुंदल का इंडियन मुजाहिद्दीन से भी सीधा संपर्क है। अहमदाबाद, जयपुर और दिल्ली बम धमाकों में भी उसका नाम लिया जाता रहा है। खुफिया विभाग के मुताबिक इन तीनों शहरों में बम धमाके करवाकर उसने लश्कर और आईएसआई के सामने अपनी विश्वसनीयता कायम की। इसके अलावा हैदराबाद समेत भारत के कई शहरों में गोपनीय संगठनों के साथ जुंदल का सीधा संपर्क बना हुआ है। फिलहाल इस समय वो पाकिस्तान में है।


Click it and Unblock the Notifications