मुशर्रफ का भट्टो हत्याकांड में हाथ होने से इंकार
इस्लामाबाद, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या में हाथ होने के आरोपों से इंकार किया है।
'जियो टीवी' के अनुसार लंदन में एक समारोह को संबोधित करते हुए मुशर्रफ ने कहा कि भुट्टो को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं कराने के आरोप साबित नहीं हो सके हैं।
उन्होंने कहा, "बेनजीर भुट्टो की हत्या की जांच में संयुक्त राष्ट्र दल को शामिल करना राष्ट्रीय एजेंसियों पर भरोसा नहीं करने जैसा है।" उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र जांच दल भी उसी नतीजे पर पहुंचेगा जिस पर स्कॉटलैंड यार्ड का दल पहुंचा था।
भुट्टो 1998 में अपनी मर्जी से दुबई चली गई थीं और अक्टूबर 2007 में संसदीय चुनावों के लिए अपनी पार्टी के प्रचार करने के लिए इस्लामाबाद लौटी थीं। 27 दिसंबर 2007 को रावलपिंडी में एक चुनावी रैली के दौरान हमले में उनकी मौत हो गई थी।
तत्कालीन राष्ट्रपति मुशर्रफ की सरकार द्वारा कराई गई जांच में इस हत्या के लिए पाकिस्तानी तालिबान कमांडर बैतुल्लाह महसूद को दोषी ठहराया गया था।
ब्रिटेन की स्कॉटलैंड यार्ड ने अपनी जांच में कहा था कि भट्टो की मौत अपनी कार की सनरूफ की चोट से हुई।
भुट्टो के समर्थकों ने इस जांच के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए उनकी हत्या की संयुक्त राष्ट्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की थी। यह जांच हाल ही शुरू हुई है।
मुशर्रफ ने देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में तालिबान और अल-कायदा के खिलाफ जारी अभियान को सही ठहराते हुए कहा है कि यह पाकिस्तान के हित में है।
उन्होंने कहा कि सेना को स्वात में आतंकवादियों के खिलाफ कामयाबी मिली है और अब उसे वजीरिस्तान और अन्य कबायली इलाकों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उग्रवाद को दीर्घावधि की रणनीति तैयार करके ही निपटा जा सकता है। उन्होंने कहा कि उग्रवाद भारत में भी पनप रहा है जिसकी वजह मानवाधिकारों का उल्लंघन और मुसलमानों में बेरोजगारी है।
हालांकि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज(पीएमएल-एन)के प्रमुख एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को दस साल पुराने विमान अपहरण के मुकदमे से बरी करने पर उन्होंने कुछ भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications